Bokaro News : कौशल विकास प्रशिक्षण के नाम पर चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़े का बोकारो पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के संथालडीह मोड़ स्थित ‘शिक्षा एवं कल्याण समिति’ नामक एक NGO में प्रशिक्षित युवाओं की तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। आरोप है कि इन्हीं नकली पहचान पत्रों के आधार पर अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठाने का दबाव बनाया जा रहा था।
युवाओं द्वारा इसका विरोध किए जाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एएसपी सह एसडीपीओ चास वेदांत शंकर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी की मौजूदगी में की गई छापेमारी में पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
छापेमारी में लैपटॉप, प्रिंटर और फर्जी आधार कार्ड बरामद, NGO संचालक समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक लेनोवो लैपटॉप, कैनन प्रिंटर, तीन फर्जी आधार कार्ड तथा ओप्पो, वीवो और वनप्लस कंपनी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में NGO संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में वाराणसी निवासी प्रदीप कुमार कसेरा, गया निवासी धर्मेंद्र कुमार और सिंदरी निवासी नरेंद्र कुमार शामिल हैं। पुलिस ने पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 61/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस फर्जी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा अब तक कितने लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया है।