Ranchi News : झारखंड पुलिस को उग्रवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के स्टेट चीफ अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। अमृत होरो पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
एसएसपी राकेश रंजन ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अमृत होरो पिछले 16 वर्षों से राज्य में सक्रिय था और कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह अपने साथियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र के महगांव जंगल के आसपास मौजूद है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। देर रात पुलिस ने जंगल के पास घेराबंदी कर अमृत होरो को गिरफ्तार कर लिया।
लेवी वसूली और धमकी का किया खुलासा
पूछताछ में अमृत होरो ने खुद को पीएलएफआई का स्टेट चीफ बताया। उसने स्वीकार किया कि संगठन के सदस्य फोन और सोशल मीडिया ऐप के जरिए व्यापारियों, ठेकेदारों और अन्य लोगों को धमकी देकर लेवी वसूलते थे।
पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ रांची, खूंटी, लोहरदगा और गुमला समेत कई जिलों में 60 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी, आगजनी, लेवी वसूली, आर्म्स एक्ट और यूएपीए के मामले शामिल हैं।
कई बड़ी घटनाओं में रहा शामिल
अमृत होरो पर वर्ष 2023 में लापुंग में राजेश कुमार साहू की हत्या, 2024 में जलमीनार निर्माण कर रहे ठेकेदार से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और 2026 में खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र में रेल लाइन परियोजना के पास रोड रोलर में आग लगाने जैसी घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।
इसके अलावा गुमला, लोहरदगा और रांची के कई थानों में भी उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और विकास कार्यों में बाधा डालने से जुड़े मामले दर्ज हैं।
एसएसपी ने दावा किया कि अमृत होरो की गिरफ्तारी के साथ ही पीएलएफआई का शीर्ष नेतृत्व लगभग खत्म हो गया है। फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।