प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित आवास जल्द पूरा करने की मांग
मेयर सुधा गुप्ता ने प्रधानमंत्री आवास योजना अर्बन के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों को जल्द आवास उपलब्ध कराने की मांग उठाई. उन्होंने कहा कि लंबित आवास स्वीकृतियों का जल्द निष्पादन किया जाए ताकि जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके.
इसके अलावा अधूरे पड़े आवास निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग भी की गई. उलीडीह और कुमरूम बस्ती जैसे स्लम क्षेत्रों के पुनर्विकास और वहां मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष पैकेज उपलब्ध कराने का अनुरोध भी बैठक में रखा गया.
स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त संसाधनों की मांग
स्वच्छ भारत मिशन अर्बन के तहत मेयर ने डोर टू डोर कचरा उठाव व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त वाहन और संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने आधुनिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की स्थापना पर भी जोर दिया.
वार्ड स्तर पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण और उनके नियमित रखरखाव की आवश्यकता को भी प्रमुखता से उठाया गया. साथ ही नाला सफाई और ड्रेनेज सिस्टम के आधुनिकीकरण के लिए विशेष फंड उपलब्ध कराने की मांग की गई ताकि बरसात के दौरान लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके.
जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए नए प्रस्ताव रखे गए
मानगो क्षेत्र में नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने और पुरानी पाइपलाइन बदलने का प्रस्ताव रखा गया. अतिरिक्त जल टंकी निर्माण की मांग भी की गई ताकि सभी इलाकों में पर्याप्त जलापूर्ति हो सके.
जल रिसाव रोकने के लिए विशेष तकनीकी सर्वे कराने और ड्राई जोन क्षेत्रों के लिए नए पानी टैंकर उपलब्ध कराने की मांग भी बैठक में उठाई गई.
सड़क, ट्रैफिक और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने पर जोर
मेयर ने प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और मरम्मतीकरण के लिए विशेष फंड उपलब्ध कराने की मांग रखी. शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया.
इसके अलावा नए स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया ताकि शहर की सड़कों पर सुरक्षा और रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो सके.
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की भी उठी मांग
बैठक में मोबाइल हेल्थ यूनिट की व्यवस्था करने और नए एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया गया. मेयर ने विशेष बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए सहायता केंद्र स्थापित करने की मांग की.
सार्वजनिक स्थलों पर शुद्ध पेयजल और जनसुविधा केंद्र विकसित करने की जरूरत पर भी चर्चा की गई ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
शिक्षा और युवाओं के विकास को लेकर रखे गए कई अहम प्रस्ताव
शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए वर्क्स कॉलेज के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य की मांग की गई. उलीडीह स्थित स्कूल में नई बिल्डिंग निर्माण और नए सरकारी हाई स्कूल की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया.
स्नातक तक की पढ़ाई के लिए नए सरकारी कॉलेज निर्माण की मांग भी बैठक में उठी. नगर निगम के पांच विद्यालयों को चयनित कर वहां स्मार्ट क्लास शुरू करने, डिजिटल लाइब्रेरी और स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने पर भी जोर दिया गया.
युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा गया.
स्वर्णरेखा नदी सौंदर्यकरण और शहरी विकास पैकेज की मांग
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो नगर निगम की बढ़ती जनसंख्या और लगातार हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए विशेष शहरी विकास पैकेज दिया जाना चाहिए.
इसके अलावा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना, रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना के तहत स्वर्णरेखा नदी के सौंदर्यकरण और मानगो में नए प्रज्ञा केंद्र एवं आधार केंद्र की स्थापना की मांग भी बैठक में प्रमुखता से रखी गई.
दिशा की बैठक में मानगो नगर निगम से जुड़े जिन मुद्दों को उठाया गया, वे सीधे तौर पर शहर की आधारभूत सुविधाओं और आम लोगों की जरूरतों से जुड़े हैं. आवास, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए रखे गए प्रस्तावों से यह साफ है कि आने वाले समय में मानगो के समग्र विकास को लेकर व्यापक योजना तैयार की जा रही है.