Giridih: गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांवा हाट बाजार में एक युवक को महिला से कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार करना भारी पड़ गया। आरोप है कि बाजार में खरीदारी के दौरान युवक ने एक महिला के साथ गलत हरकत की, जिसके बाद वहां मौजूद महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी।
हाट बाजार में मचा हंगामा, जुटी लोगों की भीड़
घटना के दौरान हाट बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला द्वारा विरोध किए जाने के बाद आसपास मौजूद अन्य महिलाएं भी आक्रोशित हो गईं और युवक को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान बाजार में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की, जिसके बाद युवक को वहां से सुरक्षित निकाला गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिलाएं युवक को चप्पल से मारती हुई दिखाई दे रही हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग मामले को शांत कराने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने कहा- आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
मामले को लेकर गांवा थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि युवक की पिटाई की सूचना मिली है और वायरल वीडियो की भी जानकारी पुलिस को मिली है।थाना प्रभारी ने बताया कि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से युवक को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया था। यदि किसी पक्ष की ओर से आवेदन दिया जाता है, तो मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
फिलहाल वायरल वीडियो और बाजार में हुई इस घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोग सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।