Ranchi News: रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी से 30 लाख रुपये की कथित ठगी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. इस संबंध में हरमू स्थित विद्यानगर कॉलोनी निवासी कारोबारी रामाशीष कुमार की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. आरोपियों में मुंबई निवासी आयुष योगराज नाकरा, देहरादून निवासी पंकज रावत और योगेश दुआ शामिल हैं.
शिकायत के अनुसार अगस्त 2025 में पंकज रावत ने रामाशीष कुमार से संपर्क कर अपने मालिक आयुष योगराज नाकरा के लिए 30 लाख रुपये की जरूरत बताई थी. पहले से परिचय और अच्छे संबंध होने के कारण व्यवसायी ने उस पर भरोसा किया. आरोप है कि पंकज ने एग्रीमेंट और ऑथराइजेशन से जुड़े दस्तावेज दिखाकर विश्वास में लिया, जिसके बाद रामाशीष कुमार ने परिवार और परिचितों से पैसे जुटाकर रकम की व्यवस्था की.
बताया गया है कि 21 अगस्त 2025 को बरियातू रोड स्थित एक होटल में व्यवसायी की मुलाकात आयुष योगराज नाकरा से कराई गई. इसके अगले दिन एग्रीमेंट तैयार हुआ और आईसीआईसीआई बैंक के तीन पोस्ट डेटेड चेक दिए गए. इसके बाद 30 लाख रुपये नकद सौंप दिए गए.
पीड़ित का आरोप है कि फरवरी 2026 में चेक जमा करने की तारीख नजदीक आने पर आरोपियों की ओर से लगातार दबाव बनाया जाने लगा कि चेक बैंक में न लगाए जाएं. इसी दौरान योगेश दुआ भी उनके घर पहुंचा और चेक जमा नहीं करने को कहा.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 9 और 10 फरवरी को तीनों आरोपी उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. व्यवसायी का आरोप है कि पूरी घटना पूर्व नियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई और उनसे 30 लाख रुपये की ठगी की गई.
मामले में सुखदेवनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.