Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। एक तरफ पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी, तो दूसरी ओर रांची समेत दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
पलामू सबसे गर्म, 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
आज पलामू प्रमंडल के जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी रहने की संभावना है। डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रह सकता है, जहां अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। दोपहर के समय गर्म हवाओं के कारण लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है।
रांची-कोल्हान में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी
रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो और रामगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में बादल गरजने के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा और हजारीबाग में भी तेज आंधी-तूफान और वज्रपात का खतरा बना हुआ है। कई जगह पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की सलाह, पेड़ों और खुले मैदानों से रहें दूर
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। आंधी और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने को कहा गया है। वहीं रांची, गुमला, खूंटी, रामगढ़ और सिमडेगा जैसे जिलों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहने वाला है, जहां अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। बारिश की वजह से इन इलाकों में उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है।