Ranchi News : झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है, जबकि कई अन्य जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बनी रही। डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी हुई। पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में सबसे अधिक 19.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री रहा, जबकि यहां 12.8 मिलीमीटर बारिश भी हुई। बोकारो में पारा 42.6 डिग्री और चाईबासा में 42 डिग्री तक पहुंच गया। सरायकेला में अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया।
देवघर, दुमका और पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत उत्तर-पूर्वी जिलों में गरज के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिणी जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी तेज हवा और वज्रपात की आशंका है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात होने की संभावना जताई गई है।
अगले तीन दिनों में तापमान में गिरावट के आसार
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
रांची और आसपास के क्षेत्रों में 27 मई से 1 जून तक बादल छाने और मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
इसके अलावा धालभूमगढ़ में 16.2 मिलीमीटर, बहरागोड़ा में 14.4 मिलीमीटर, चाकुलिया और घाटशिला में 12.6 मिलीमीटर तथा गुड़ाबांधा में 12.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।