Ranchi News : झारखंड सरकार राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मजबूती के लिए लगातार काम कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार की योजना है कि राज्य के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएं।
फिलहाल राज्य में आठ नए मेडिकल कॉलेज बनाने का निर्णय लिया गया है, जिनमें से चार को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। मंत्री ने कहा कि इससे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा बढ़ा है, लेकिन अभी और सुधार की जरूरत बनी हुई है।
सदर अस्पतालों में मिलेगी ICU, MRI और CT Scan की सुविधा
सरकार की ओर से सभी सदर अस्पतालों में आईसीयू सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी जांच सुविधाएं भी बहाल की जा रही हैं। इलाज की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए रोबोटिक्स तकनीक के उपयोग पर भी काम चल रहा है।
मंत्री ने कांके में प्रस्तावित रिम्स-2 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल होगा। उन्होंने कहा कि इसका शिलान्यास अगले एक से दो महीने में किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने विरोध कर रहे लोगों से इस परियोजना का विरोध न करने की अपील की।
स्वास्थ्य जांच को लेकर भी किया जागरूक
इस अवसर पर शशि प्रकाश झा ने भी स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 40 वर्ष की आयु के बाद नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए और लोग जानते हुए भी स्वास्थ्य नियमों का पालन नहीं करते, जो चिंता का विषय है।