Jamshedpur News: जमशेदपुर में बढ़ती गर्मी और लू के असर के बीच हीट स्ट्रोक के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है. इस बीच कई अस्पतालों द्वारा मरीजों से जुड़ा दैनिक आंकड़ा समय पर उपलब्ध नहीं कराने का मामला सामने आने के बाद विभाग ने नाराजगी जताई है.
स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को निर्देश दिया था कि हीट स्ट्रोक और लू से प्रभावित मरीजों की रोजाना रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए. हालांकि कई अस्पतालों पर इस आदेश की अनदेखी करने का आरोप लगा है.
जानकारी के मुताबिक टाटा मेन हॉस्पिटल और कुछ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नियमित रूप से रिपोर्ट भेज रहे हैं, जबकि एमजीएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, टाटा मोटर्स अस्पताल, मर्सी अस्पताल, गुरुनानक अस्पताल, साकेत अस्पताल और लाइफ लाइन अस्पताल समेत कई संस्थानों से समय पर आंकड़े नहीं मिल रहे हैं.
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सही और समय पर डेटा नहीं मिलने से जिले में हीट स्ट्रोक की वास्तविक स्थिति का आकलन प्रभावित हो रहा है. इससे स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी और आपदा प्रबंधन की रणनीति बनाने में भी दिक्कत आ सकती है.
सिविल सर्जन ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित अस्पतालों को दोबारा नोटिस जारी किया है. उन्होंने कहा कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट समेत अन्य नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
भीषण गर्मी के कारण शहर में दिन के समय लोगों की आवाजाही कम हो गई है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, ओआरएस लेने और तेज धूप से बचने की सलाह दी है.