Ranchi: राजधानी के कर्बला चौक स्थित बलदेव सहाय रोड में पानी की गंभीर समस्या को लेकर सोमवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और हाथों में बाल्टी लेकर नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दो महीने से नियमित जलापूर्ति ठप
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब दो महीने से इलाके में नियमित जलापूर्ति बाधित है। सप्लाई का पानी या तो आता ही नहीं है, और अगर आता भी है तो मात्र पांच मिनट के लिए। लोगों ने आरोप लगाया कि जो पानी आता है वह गंदा और बदबूदार होता है, जिससे उसका इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है।
पानी खरीदकर गुजारा करने को मजबूर लोग
इलाके के लोगों ने बताया कि पानी की कमी के कारण उन्हें रोजाना बाजार से जार का पानी खरीदना पड़ रहा है। एक जार पानी के लिए 25 रुपये या उससे अधिक खर्च करना पड़ रहा है। इसी पानी का इस्तेमाल पीने, नहाने और घरेलू कामों में किया जा रहा है। कई परिवारों ने बताया कि पानी की कमी के चलते बच्चों को बिना नहाए स्कूल भेजना पड़ रहा है।
पार्षद और अधिकारियों पर नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि सड़क जाम के दौरान वे करीब तीन घंटे तक मौके पर डटे रहे, लेकिन वार्ड संख्या 15 की पार्षद गजाला प्रवीण और नगर निगम का कोई अधिकारी वहां नहीं पहुंचा। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय नेता घर-घर पहुंचते हैं, लेकिन समस्या आने पर कोई सुनने नहीं आता।
बकरीद से पहले पानी संकट ने बढ़ाई चिंता
स्थानीय लोगों ने कहा कि 28 मई को बकरीद का पर्व है, लेकिन अब तक पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। बोरिंग से भी पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही तब तक इलाके में टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की अपील की है।