Hormuz Strait Reopen: मध्य पूर्व के रणनीतिक समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. ईरान की ओर से संकेत मिले हैं कि अगले करीब 30 दिनों में इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही सामान्य स्थिति में लौट सकती है. इससे वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति पर बने दबाव में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
पिछले कुछ समय से क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा चिंताओं के कारण इस समुद्री मार्ग पर शिपिंग गतिविधियां प्रभावित हुई थीं. कई अंतरराष्ट्रीय जहाजरानी कंपनियों ने सुरक्षा कारणों से अपने संचालन में बदलाव किया था, जिसका असर ऊर्जा आपूर्ति और तेल कीमतों पर भी देखने को मिला.
वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य
होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को अरब सागर और हिंद महासागर से जोड़ता है. दुनिया के कई बड़े तेल उत्पादक देशों का कच्चा तेल और एलएनजी इसी मार्ग से अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचता है. इसलिए इस क्षेत्र में किसी भी तरह का तनाव सीधे वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित करता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समुद्री गतिविधियां सामान्य होती हैं तो तेल बाजार में स्थिरता लौट सकती है और आयात पर निर्भर देशों को राहत मिलेगी. माना जा रहा है कि प्रस्तावित समझौते में समुद्री मार्गों की सुरक्षा और क्षेत्रीय तनाव कम करने जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं. हालांकि अभी तक किसी भी समझौते की औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पाकिस्तान और ब्रिटेन ने भी जताई सकारात्मक उम्मीद
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका और ईरान के बीच जारी संवाद को सकारात्मक बताया है. वहीं ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भी क्षेत्र में शांति और सुरक्षित समुद्री आवागमन को वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी बताया है.