Dhanbad Railway News: तिरुपति और रक्सौल के बीच शुरू होने जा रही नई साप्ताहिक ट्रेन के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है. यह ट्रेन तिरुपति से 1 जून और रक्सौल से 4 जून से नियमित रूप से सप्ताह में एक दिन चलेगी. वहीं रक्सौल से तिरुपति के लिए टिकट बुकिंग सोमवार से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है.
रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेन का दर्जा हटाए जाने के बाद यात्रियों को किराये में भी राहत मिली है. धनबाद से तिरुपति यात्रा करने वाले यात्रियों को अब स्लीपर, थर्ड एसी और सेकंड एसी श्रेणी में पहले की तुलना में कम किराया देना होगा. स्लीपर में 175 रुपये, थर्ड एसी में करीब 370 रुपये और सेकंड एसी में लगभग 420 रुपये तक की कमी आई है.
नई ट्रेन शुरू होने से उत्तर बिहार के यात्रियों को एक और रेल विकल्प मिल गया है. साथ ही छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत की यात्रा करने वालों को भी सुविधा होगी. धनबाद होकर गुजरने वाली यह इस वर्ष की पांचवीं नई ट्रेन मानी जा रही है.
इससे पहले धनबाद को हावड़ा-आनंद विहार अमृत भारत, धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत और धनबाद-लोकमान्य तिलक मुंबई एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है. अब लोगों को धनबाद से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए नई ट्रेनों की उम्मीद भी बढ़ गई है.
धनबाद से तिरुपति और सिकंदराबाद तक के सफर में अलग-अलग श्रेणियों के किराये में कमी आने से यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है.