Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-24

Lucknow Gang Rape Case: UPSC की तैयारी कर रही छात्रा को लखनऊ में ट्रेन से उतारा, कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर तीन दिन तक गैंगरेप का आरोप

Lucknow Gang Rape Case: दिल्ली में UPSC की तैयारी कर रही एक युवती के साथ लखनऊ में कथित गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि जौनपुर से दिल्ली जा रही छात्रा को उसके परिचित युवक ने चारबाग स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर कई दिनों तक उसका शोषण किया. पीड़िता की शिकायत के बाद दिल्ली में केस दर्ज हुआ, जिसे अब लखनऊ ट्रांसफर कर दिया गया है.
परिचित युवक ने भरोसे में लेकर ट्रेन से उतारा
पीड़िता के अनुसार वह जौनपुर से दिल्ली जा रही थी. इसी दौरान लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर उसका परिचित शिवम यादव अपने साथी शनि यादव के साथ पहुंचा. ट्रेन में मिलने के बाद शिवम लगातार युवती पर नीचे उतरने का दबाव बनाने लगा. उसने भरोसा दिलाया कि वह घरवालों से बात कर लेगा और किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.
कुछ देर बाद युवती उसकी बातों में आ गई और ट्रेन से उतर गई. इसके बाद दोनों युवक उसे सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में मेदांता अस्पताल के पास स्थित किराये के कमरे पर ले गए.

कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कमरे पर पहुंचने के बाद शनि बाहर खाना लेने चला गया था, जबकि शिवम वहीं रुका रहा. कुछ देर बाद दोनों ने खाना खाया और फिर शिवम ने युवती को कॉफी दी. कॉफी पीने के बाद उसे तेज नींद आने लगी और वह खुद को असहज महसूस करने लगी. आरोप है कि इसी हालत का फायदा उठाकर शिवम ने उसके साथ जबरदस्ती की. युवती ने विरोध भी किया, लेकिन आरोपी नहीं माना. पीड़िता ने बताया कि बेहोशी जैसी हालत में उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया.

अगले दिन दूसरा युवक भी पहुंचा, फिर तीन दिन तक चलता रहा शोषण
पीड़िता के मुताबिक अगले दिन शनि यादव फिर कमरे पर पहुंचा. कुछ देर बाद शिवम वहां से चला गया और शनि ने भी उसके साथ जबरदस्ती की. युवती ने विरोध किया, लेकिन आरोपी नहीं रुका. इस दौरान युवती की तबीयत खराब होने लगी और दर्द की शिकायत पर आरोपी ने उसे दवा भी दी, हालांकि उसने दवा खाने से इनकार कर दिया.
पीड़िता ने बताया कि आरोपी लगातार उसे कमरे में बंद करके रखते थे. जब भी बाहर खाना या सामान लेने जाते, कमरे को बाहर से लॉक कर देते ताकि वह भाग न सके. 17 मई को एक तीसरा युवक भी कमरे पर पहुंचा, जिसे पीड़िता पहचानती तक नहीं थी. आरोप है कि इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर युवती को बंधक बनाकर कई दिनों तक उसका शोषण किया.

वारदात के बाद वापस ट्रेन में बैठाकर भेजा दिल्ली
पीड़िता के अनुसार लगातार तीन दिन तक शोषण करने के बाद आरोपी शिवम यादव ने सुशांत गोल्फ सिटी से चारबाग स्टेशन तक कैब बुक की. फिर उसी सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन में स्लीपर टिकट लेकर युवती को दिल्ली भेज दिया, जिस ट्रेन से उसे उतारा गया था. दिल्ली पहुंचने के बाद डरी सहमी युवती ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर मदद मांगी.

रेलवे हेल्पलाइन के जरिए सामने आया मामला
पीड़िता के पिता की शिकायत के बाद GRP टीम ने युवती से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी ली. बाद में पुलिस उसे दिल्ली के आनंद विहार थाने लेकर पहुंची. अगले दिन परिजन भी वहां पहुंचे, जिसके बाद युवती के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया. पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी शिवम यादव जौनपुर के जलालपुर इलाके का रहने वाला है और वह पीड़िता का परिचित रिश्तेदार भी है. बताया जा रहा है कि दोनों परिवार एक दूसरे को करीब पांच साल से जानते हैं.

आरोपियों की तलाश में कई टीमों की छापेमारी जारी
मामले को लेकर एडीसीपी साउथ ने बताया कि 22 मई को दिल्ली के आनंद विहार थाने में केस दर्ज किया गया था, जिसे बाद में लखनऊ ट्रांसफर कर दिया गया. शिकायत में पीड़िता ने सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में परिचित लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच अलग अलग टीमें बनाई गई हैं और कई जगहों पर दबिश दी जा रही है. मामले की जांच जारी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !