IPL 2026: IPL 2026 में आज डबल हेडर का रोमांच देखने को मिलेगा, जहां दिन का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। दोपहर 3:30 बजे शुरू होने वाला यह मैच प्लेऑफ की तस्वीर तय कर सकता है। राजस्थान रॉयल्स के लिए यह करो या मरो की लड़ाई है, क्योंकि जीत के साथ टीम सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी।
राजस्थान जीती तो टिकट पक्का, हारी तो पंजाब-केकेआर की उम्मीदें जिंदा
राजस्थान रॉयल्स फिलहाल 13 मैचों में 14 अंकों के साथ अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। अगर राजस्थान की टीम मुंबई को हरा देती है तो अंतिम प्लेऑफ टिकट उसके नाम हो जाएगा। लेकिन हार की स्थिति में पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की उम्मीदें कायम रहेंगी। पंजाब के 14 मैचों में 15 अंक हैं, जबकि केकेआर 13 अंकों के साथ छठे नंबर पर मौजूद है।
बदले की आग में मुंबई, सम्मान बचाने उतरेगी पांच बार की चैंपियन
मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है और टीम नौवें स्थान पर है। बावजूद इसके हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली टीम इस मैच को जीतकर सम्मान के साथ सीजन खत्म करना चाहेगी। खास बात यह है कि राजस्थान ने इसी सीजन 7 अप्रैल को गुवाहाटी में मुंबई को 27 रन से हराया था। ऐसे में मुंबई के पास बदला लेने का भी मौका होगा।
सूर्यवंशी-जायसवाल पर नजर, वानखेड़े में फिर बरस सकते हैं रन
राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी शानदार फॉर्म में हैं और पिछले मैच में शतक से सिर्फ सात रन दूर रह गए थे। वहीं यशस्वी जायसवाल भी वानखेड़े में खास रिकॉर्ड रखते हैं। इसी मैदान पर उन्होंने आईपीएल का पहला शतक जड़ा था और अगले साल मुंबई के खिलाफ दूसरा शतक भी बनाया था। ऐसे में मुंबई के गेंदबाजों के सामने राजस्थान की युवा बल्लेबाजी सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।