Seraikela: सरायकेला-खरसावां समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, यातायात व्यवस्था और पहले दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
अप्रैल में 20 सड़क हादसे, 14 लोगों की मौत
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने बताया कि अप्रैल 2026 में जिले में कुल 20 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हुए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 31 लाख 94 हजार 250 रुपये जुर्माना वसूला गया।
ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे सुरक्षा उपकरण
उपायुक्त ने सभी दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर साइनेज बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, जिग-जैग बैरिकेडिंग, टर्निंग प्वाइंट संकेतक, ज़ेब्रा क्रॉसिंग और स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी उपाय जल्द पूरे किए जाएं, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।
अवैध कट पॉइंट तुरंत होंगे बंद
उपायुक्त ने नेशनल और स्टेट हाईवे पर बने सभी अवैध कट पॉइंट को तत्काल बंद करने का निर्देश दिया। साथ ही इन जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और अवैध कट बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
राजनगर क्षेत्र में हादसे रोकने के लिए विशेष योजना
राजनगर क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए एनएच-220 के कार्यपालक अभियंता को विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। सड़क किनारे अतिक्रमण कर चल रही दुकानों को हटाने और जरूरी स्थानों पर साइनेज, रंबल स्ट्रिप, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य सुरक्षा उपकरण लगाने को कहा गया।
NH-32 और NH-33 पर भी बढ़ेगी निगरानी
उपायुक्त ने सड़क किनारे गड्ढों, पुलिया और दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल सुरक्षा उपाय करने को कहा। वहीं एनएच-32 और एनएच-33 के कार्यपालक अभियंताओं को भी चिन्हित स्थानों पर सुरक्षा संकेतक और स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए।
चौका-खूंटी-बंसा रोड के गड्ढे जल्द भरने के निर्देश
बैठक में चौका-खूंटी-बंसा रोड की खराब स्थिति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने जार्डक्ल को सड़क के गड्ढों की जल्द मरम्मत कराने और निर्माणाधीन सड़कों व पुलिया का कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा।
अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई
बैठक में बताया गया कि चौका, कांड्रा और आदित्यपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर बड़े वाहन अवैध रूप से सड़क किनारे खड़े किए जा रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त निरीक्षण कर ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गम्हरिया-आदित्यपुर में बड़े वाहनों की नो एंट्री पर विचार
गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र में शाम के समय बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए बड़े वाहनों की नो एंट्री लागू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने ट्रायल के तौर पर विशेष योजना लागू करने और उसके प्रभाव का आकलन करने के निर्देश दिए। जिला स्तरीय समिति की टीम ट्रैफिक, पार्किंग और आम लोगों की आवाजाही पर इसके असर की समीक्षा करेगी।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त और एसपी ने सभी विभागों को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। स्कूल, बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
कई अधिकारी बैठक में रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, यातायात निरीक्षक, मोटरयान निरीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।