Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिसकर्मियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में जिले के 16 ट्रैफिक पोस्टों पर तैनात पुलिस जवानों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया।
जवानों को दी गई जरूरी राहत सामग्री
अभियान के तहत पुलिसकर्मियों को पानी ठंडा रखने के लिए स्टील की बोतलें, तेज धूप से बचाव के लिए छतरियां और शरीर में पानी की कमी दूर करने के लिए ORS के पैकेट उपलब्ध कराए गए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि लगातार धूप और गर्मी में ड्यूटी करने वाले जवानों को डिहाइड्रेशन और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचाना प्राथमिकता है।
कूलर जैकेट का भी होगा ट्रायल
यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर पुलिसकर्मियों के लिए कूलर जैकेट भी ट्रायल के तौर पर मंगवाए जा रहे हैं। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो आने वाले दिनों में जिले के सभी यातायात पुलिसकर्मियों को कूलर जैकेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
जवानों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस
पुलिस प्रशासन का कहना है कि गर्मी के मौसम में ट्रैफिक ड्यूटी काफी चुनौतीपूर्ण होती है। ऐसे में जवानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ और सुरक्षित रखना जरूरी है, ताकि वे बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।