Chakradharpur News: दक्षिण पूर्व रेलवे की एकमात्र मान्यता प्राप्त यूनियन दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन की वर्ष 2026 की पहली जोनल PNM बैठक 21-22 मई को कोलकाता स्थित महाप्रबंधक सभागार में संपन्न हुई। दो दिवसीय बैठक में रेलवे कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसके बाद प्रबंधन ने कई मांगों पर सहमति जताई। बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन और मुख्य कार्मिक अधिकारी महेन्द्र प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यूनियन पदाधिकारियों ने मजबूती से उठाई कर्मचारियों की आवाज
यूनियन की ओर से महासचिव गौतम मुखर्जी और अध्यक्ष मलय बनर्जी के नेतृत्व में चक्रधरपुर मंडल के केंद्रीय पदाधिकारी एमके. सिंह, जवाहर लाल, शिवजी शर्मा और एके. सिंह समेत सभी मंडलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों, स्वास्थ्य सुविधाओं और लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
रेलवे अस्पतालों में ICU, वेंटिलेटर और डायलिस सुविधा देने पर सहमति
कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के सभी मंडल अस्पतालों में ICU, वेंटिलेटर और डायलिस सुविधा उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। साथ ही रेलवे अस्पतालों में नियमित और पूर्णकालिक डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया। टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए हावड़ा में बेहतर रेस्ट रूम व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी प्रबंधन ने सकारात्मक रुख दिखाया।
स्टेशनों पर मुफ्त शौचालय, पार्किंग और रनिंग रूम सुविधा होगी बेहतर
रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर निशुल्क शौचालय और वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने का फैसला लिया गया। चक्रधरपुर मंडल के ट्रेन मैनेजरों के लिए हावड़ा रनिंग रूम में अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। वहीं सरडेगा स्टेशन भवन में यात्रियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए लिफ्ट लगाने का भी निर्णय लिया गया।
लंबित भत्तों के भुगतान और “सिस्टर लाबी” प्रावधान खत्म करने का आश्वासन
बैठक में “सिस्टर लाबी” के प्रावधान को निरस्त करने पर सहमति बनी। इसके अलावा रनिंग कर्मचारियों से अत्यधिक घंटे कार्य कराने संबंधी आदेश को जल्द समाप्त करने का आश्वासन दिया गया। कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित TA, OT और NDA भुगतान को शीघ्र जारी करने पर भी सहमति बनी। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हित में लिए गए ये फैसले उनके कार्य-जीवन को और अधिक बेहतर बनाने में मददगार साबित होंगे।