Jamshedpur News: बकरीद पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से टाउन हॉल, सिदगोड़ा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम, पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, सभी बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बुनियादी व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा
बैठक में विधि-व्यवस्था संधारण, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित सभी बुनियादी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अफवाहों पर रोक लगाने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट से बचने की अपील की गई।
प्रशासन की अपील- भाईचारे के साथ मनाएं त्यौहार
उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करेगा और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सूचना देने का आग्रह किया।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई तय
सिटी एसपी ने बताया कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं एसडीएम धालभूम ने कहा कि सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों से बचें और किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा न करें। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।