Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-22

Jamshedpur News: जादूगोड़ा में चोरों का तांडव, एक ही रात स्कूल समेत तीन घरों में लाखों की चोरी से दहशत

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात चोरी की कई बड़ी घटनाओं ने इलाके के लोगों की नींद उड़ा दी. चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों और एक सरकारी स्कूल को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने, नकदी, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया. लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ते जा रहे हैं. शुक्रवार को पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी.
भुरकाडीह गांव में छत पर सो रहे परिवार का फायदा उठाकर घर में घुसे चोर
सबसे बड़ी चोरी की घटना जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के भुरकाडीह गांव में सामने आई. यहां गायत्री भक्त के घर को चोरों ने निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि रात के समय भीषण गर्मी की वजह से परिवार के सभी लोग छत पर सो रहे थे. इसी दौरान चोर मुख्य दरवाजे का ताला लोहे के सबल से तोड़कर घर के अंदर दाखिल हो गए.

घर में घुसने के बाद चोरों ने दो अलमारियों को खंगाल डाला और वहां रखे करीब ढाई लाख रुपये के सोने और चांदी के गहनों के साथ साढ़े चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. सुबह जब परिवार के लोग नीचे आए तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं. इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी गई.

उसी रात दो और घरों में चोरी कर चोरों ने बढ़ाई लोगों की चिंता
चोरों ने एक ही रात में मोनिका रानी भक्त और किशोर कुमार गिरी के घरों को भी निशाना बनाया. दोनों घरों की कुंडी तोड़कर अपराधी अंदर घुसे और वहां से नगदी समेत कई कीमती सामान चोरी कर ले गए. फिलहाल दोनों परिवार नुकसान का पूरा आकलन कर रहे हैं. लगातार एक के बाद एक घरों में हुई चोरी की घटनाओं ने इलाके के लोगों को चिंता में डाल दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं और लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं.

स्कूल के सात कमरों का ताला तोड़कर सरकारी फाइलें भी ले गए चोर
चोरों का दुस्साहस केवल घरों तक सीमित नहीं रहा. जाते जाते उन्होंने आसनवनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय को भी निशाना बना डाला. चोरों ने स्कूल के सात कमरों का ताला तोड़ दिया और वहां रखी करीब 25 हजार रुपये की सामग्री चोरी कर ली. इतना ही नहीं, स्कूल से कई जरूरी दस्तावेज और सरकारी फाइलें भी गायब मिलीं. स्कूल में चोरी की खबर फैलते ही शिक्षकों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई. खास तौर पर सरकारी दस्तावेजों और फाइलों की चोरी ने स्कूल प्रबंधन की परेशानी और बढ़ा दी है.

लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने बढ़ाई रात्रि गश्ती की मांग
घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी में शामिल अपराधियों की तलाश की जा रही है. एक ही रात में चार अलग अलग जगहों पर हुई चोरी की घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर नियमित और सख्त पुलिस पेट्रोलिंग हो तो ऐसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है. फिलहाल जादूगोड़ा और आसपास के इलाकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !