National News: चतरा जिले की इटखोरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी हुई करीब 100 साल पुरानी अष्टधातु की 24 तीर्थंकर प्रतिमा बरामद कर ली है. पुलिस ने इस मामले का खुलासा बेहद तेजी से करते हुए कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. बरामद प्रतिमा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है.
मंदिर से चोरी हुई बेशकीमती प्रतिमा, पुलिस ने तुरंत शुरू की जांच
जानकारी के मुताबिक 20 मई को इटखोरी स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा चोरी हो गई थी. घटना सामने आने के बाद इटखोरी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ कांड संख्या 65/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(डी) में प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम बनाई गई.
गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी गिरफ्तार, चोरी की प्रतिमा भी बरामद
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर मयूरहंड थाना क्षेत्र के साले गांव निवासी संदीप सिंह को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने मंदिर चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गई 24 तीर्थंकरों की अष्टधातु प्रतिमा और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली. पुलिस ने बताया कि चोरी की पूरी घटना का खुलासा करीब दो घंटे में कर लिया गया, जबकि चार घंटे के अंदर मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया.
दिल्ली में बेचने की तैयारी में था आरोपी
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आरोपी संदीप सिंह नशे का आदी है. उसने संध्या आरती के बाद मंदिर परिसर में सन्नाटा देखकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया. एसपी के मुताबिक आरोपी इन बेशकीमती प्रतिमाओं को दिल्ली ले जाकर बेचने की फिराक में था. हालांकि उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और किसी बड़े गिरोह की संलिप्तता को लेकर भी जांच कर रही है. इस कार्रवाई में इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक दुखीराम महतो, आरक्षी ओम प्रकाश यादव, आरक्षी अर्जुन कुमार और आरक्षी रविकांत सिंह शामिल रहे.
टंडवा में छह दिन के भीतर चोरी हुई जेसीबी मशीन बरामद
इधर टंडवा पुलिस ने भी चोरी के एक अन्य मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने छह दिन पहले चोरी हुई जेसीबी मशीन को बरामद कर लिया है. यह मशीन केरेडारी क्षेत्र के बेल चौक के पास कोंडराबागी जंगल मार्ग से बरामद हुई. बताया गया कि शहीद चौक से जेसीबी मशीन चोरी होने के बाद मालिक शंकर प्रजापति ने टंडवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद कांड संख्या 114/26 दर्ज कर पुलिस इंस्पेक्टर पप्पू कुमार शर्मा के नेतृत्व में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया.
पुलिस दबाव बढ़ते ही जंगल में मशीन छोड़कर फरार हुए चोर
लगातार पुलिस दबिश और कार्रवाई के कारण चोर दबाव में आ गए और जेसीबी मशीन को जंगल के रास्ते छोड़कर फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने मशीन को सुरक्षित बरामद कर लिया. फिलहाल पुलिस चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.