Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित महावीर कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से पर्स छीन लिया। घटना रविवार देर शाम इंटरनेशनल स्कूल गली की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता ने गुरुवार को मानगो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घर लौट रही महिला को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित जेकेएस सोसायटी निवासी गीता पंडित रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे इंटरनेशनल स्कूल गली से होकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही पीछे बैठे युवक ने उनके हाथ से पर्स छीन लिया।
शोर मचाने पर पहुंचे लोग
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन दोनों आरोपी तेजी से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार पर्स में नकदी, मोबाइल फोन और कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।