Jamshedpur: जमशेदपुर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मानगो थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित ब्लू बेल्स स्कूल के पास गुरुवार दोपहर एक अज्ञात मजदूर अचानक सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। आशंका जताई जा रही है कि तेज धूप और लू की चपेट में आने से उसकी तबीयत बिगड़ी।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मजदूर सड़क किनारे पैदल जा रहा था। इसी दौरान दोपहर की तेज गर्मी में उसे चक्कर आया और वह गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
लगातार बढ़ रही गर्मी से लोग परेशान
शहर में पिछले कई दिनों से तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है। दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से अत्यधिक गर्मी के दौरान जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने और सावधानी बरतने की अपील की है।