Jharkhand News: रांची में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि को शहादत दिवस के रूप में मनाया गया. प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर को “ऊर्जा दिवस” के रूप में भी याद किया गया.
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता, शांति और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. नेताओं ने कहा कि झारखंड के गठन को लेकर उनकी सोच और यहां के आदिवासी क्षेत्रों के विकास को लेकर उनकी प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा.
वक्ताओं ने यह भी कहा कि गुमला, सिमडेगा और खूंटी में आयोजित सभाओं के दौरान राजीव गांधी ने अलग झारखंड राज्य की आवश्यकता पर जोर दिया था. उनके अनुसार क्षेत्रीय विकास और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए अलग राज्य जरूरी था.
कार्यक्रम में राजीव गांधी के शासनकाल के कई फैसलों को भी याद किया गया. वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने भारत को आधुनिक तकनीक और कंप्यूटर युग की ओर आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई. साथ ही पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने, सत्ता के विकेंद्रीकरण और युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने जैसे कदमों को ऐतिहासिक बताया गया.
महिलाओं को पंचायतों में आरक्षण देने के फैसले का भी जिक्र किया गया और इसे ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण बताया गया.
इस मौके पर दयामणि बरला, राकेश सिन्हा, राजीव रंजन प्रसाद और सोनल शांति समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.