Chatra News : जिले की सिमरिया थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य का 324 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा बरामद किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर चोराही के पास की गई।सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह और आईआरबी जवानों की टीम ने चतरा-सिमरिया रोड पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
पीछा कर पकड़ी गई दो कारें, हजारीबाग पहुंचाने की थी तैयारी
इस दौरान चतरा की ओर से आ रही एक अर्टिगा और एक होंडा अमेज कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों वाहन चालक भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर दोनों गाड़ियों को पकड़ लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर चालक जंगल की ओर फरार होने में सफल रहे।
जांच के दौरान अर्टिगा कार से 169 किलोग्राम और होंडा अमेज से 155 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक अफीम की इस बड़ी खेप को हजारीबाग पहुंचाने की योजना थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार तस्करों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी हुई है।