Ranchi News : झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के पदस्थापन को लेकर पहले जारी अधिसूचना में कई संशोधन किए हैं। विभाग ने बताया कि टंकण त्रुटियों के कारण कुछ अधिकारियों के नाम और पदस्थापन में गलती हो गई थी, जिसे अब सुधार लिया गया है।नई अधिसूचना के अनुसार आलोक कुमार सिंह की जगह अशोक कुमार राम, सुशील कुमार की जगह सुशील कुमार-2 और प्रदीप कुमार की जगह प्रदीप कुमार-3 पढ़ा जाएगा। वहीं कुमुद सिन्हा के नाम की भी पुष्टि की गई है।
कई अधिकारियों के पदस्थापन में बदलाव
सरकार ने कई अधिकारियों के पदस्थापन में बदलाव भी किया है। दीपाली नायक को अब पुलिस उपाधीक्षक, केंद्रीय भंडार रांची की जगह झा.स.पु.-10 होटवार रांची में पदस्थापित किया गया है। ज्ञान रंजन को विशेष शाखा के स्थान पर झारखंड जगुआर रांची में जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह पूजा कुमारी-2 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लोहरदगा की जगह अब अपराध अनुसंधान विभाग (CID) में पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है।
दो अधिकारियों का तबादला आदेश रद्द
सरकार ने श्रद्धा केरकेट्टा और अमर कुमार पाण्डेय के स्थानांतरण आदेश भी रद्द कर दिए हैं। दोनों अधिकारी अपने वर्तमान पदों पर ही बने रहेंगे।
इसके अलावा प्रभात कुमार बेक, अशोक कुमार राम, नीरज कुमार सिंह, मनोज कुमार, प्रदीप कुमार-3 और सुशील कुमार-2 के पदस्थापन विवरण में भी सुधार किया गया है। यह अधिसूचना राज्यपाल के आदेश से गृह विभाग के अवर सचिव अजीत कुमार सिंह द्वारा जारी की गई है।