Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-20

Chakradharpur Railway Division: चक्रधरपुर रेल मंडल में बढ़ा कर्मचारियों का असंतोष, चार वरिष्ठ लोको पायलटों ने लिया वीआरएस

Chakradharpur Railway Division: दक्षिण पूर्व रेलवे के दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर कर्मचारियों के बीच नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच डगोंवापोसी लॉबी से जुड़े चार अनुभवी लोको पायलटों द्वारा स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेने के फैसले ने रेलवे महकमे में हलचल पैदा कर दी है। कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासनिक फैसलों और कार्यस्थल से जुड़े मामलों में असमानता के कारण रनिंग स्टाफ के बीच असंतोष का माहौल बना हुआ है।

ट्रांसफर नीति पर उठे सवाल
डीपीएस रेलवे संस्थान में आयोजित विदाई कार्यक्रम के दौरान NFIR के जोनल सचिव और मेंस कांग्रेस के मंडल संयोजक शशि मिश्रा ने रेलवे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडल में रनिंग कर्मचारियों की पोस्टिंग और स्थानांतरण प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नहीं हो रही है। उनके मुताबिक कई कर्मचारियों के साथ अलग-अलग व्यवहार किए जाने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में करीब 150 ईटी कर्मचारियों को लोको पायलट के रूप में विभिन्न लॉबियों में भेजा गया था। कुछ कर्मचारियों ने आदेश का पालन करते हुए नई जगह योगदान दिया, जबकि कई कर्मचारी न्यायालय की शरण में चले गए और अब भी पुराने स्थान पर कार्यरत हैं। इस स्थिति ने कर्मचारियों के बीच भेदभाव की भावना को और गहरा कर दिया है।

“कर्मचारी हितों की अनदेखी हो रही”
शशि मिश्रा ने कहा कि मौजूदा हालात यह संकेत दे रहे हैं कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संवाद से नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में कर्मचारी प्रशासनिक स्तर पर समाधान नहीं मिलने के कारण न्यायालय का सहारा लेने को मजबूर हैं, जो रेलवे व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।

बी.के. पाल के योगदान को किया गया याद
विदाई समारोह के दौरान रेलकर्मियों ने बी.के. पाल के लंबे सेवाकाल और कर्मचारी हितों के लिए किए गए कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने हमेशा रनिंग स्टाफ की समस्याओं और अधिकारों की आवाज उठाई और संगठन के प्रति सक्रिय भूमिका निभाई।

बड़ी संख्या में रेलकर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में रनिंग शाखा के अध्यक्ष एन.एन. सिंह, सचिव मनोज साह, दीपक कुमार, एम.के. सिंह, एस.के. मलाकर, विवेकानंद, प्रशांत कुमार, भानु कुमार, कुमार गौरव, पी.के. सेठी समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा डीपीएस शाखा से जे.पी. दास, सुभाष मजूमदार, के. श्रीनिवास, राजेश रंजन और अन्य रेलकर्मियों ने भी समारोह में भाग लिया।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !