Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-05-20

Bihar News: पटना में बीपीएससी अभ्यर्थियों पर पुलिस का एक्शन, पैरों से खींचकर वैन में डाला, शिक्षक भर्ती नोटिफिकेशन की मांग पर अड़े छात्र

Bihar News: बिहार में नई शिक्षक भर्ती (BPSC TRE-4.0) का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को हिंसक और उग्र हो गया. पटना कॉलेज से डाकबंगला चौराहे तक मार्च निकालने के लिए जुटे सैकड़ों अभ्यर्थियों को बिहार पुलिस ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर रोक दिया. इस दौरान पुलिस ने अभ्यर्थियों पर कड़ा एक्शन लेते हुए छात्र नेता रिंकल यादव, अमन यादव और खुशबू पाठक सहित कई प्रदर्शनकारियों को हाथ-पैर पकड़कर और जमीन पर घसीटते हुए पुलिस वैन में डाल दिया. पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है.

बीपीएससी टीआरई 4.0 के लिए लंबे समय से जारी है आंदोलन
बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा करीब 46 हजार से अधिक शिक्षक पदों पर बहाली के लिए चौथे चरण की घोषणा की गई थी, जिसकी प्रारंभिक परीक्षा अप्रैल 2026 में संभावित थी. हालांकि, आयोग द्वारा परीक्षा की नई तारीखों और आधिकारिक नोटिफिकेशन में हो रही देरी के कारण अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा है. इससे पहले भी छात्र अपनी मांगों को लेकर पिछले एक साल में 7 अगस्त, 18 अगस्त, 8, 9 व 19 सितंबर और 4 अक्टूबर 2025 सहित इस साल 9 फरवरी, 18 मार्च और 8 मई 2026 को बड़े प्रदर्शन कर चुके हैं, जिनमें पुलिसिया लाठीचार्ज और मुकदमेबाजी का सामना करना पड़ा है.

शिक्षा मंत्री का आश्वासन: जल्द जारी होगा भर्ती शेड्यूल
बढ़ते विरोध के बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अभ्यर्थियों से आंदोलन खत्म करने की अपील करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर शिक्षा विभाग भर्ती की तैयारियों में पूरी गंभीरता से जुटा है. आयोग के साथ लगातार बातचीत चल रही है और बहुत जल्द परीक्षा का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि जो भर्ती प्रक्रिया जल्द ही धरातल पर उतरने वाली है, उसके लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने का कोई औचित्य नहीं है, छात्र धैर्य बनाए रखें.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !