Giridih: गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में 11वीं की छात्रा का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। दो दिन से लापता छात्रा का शव बरगंडा पुराने पुल के नीचे उसरी नदी किनारे मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घर से ट्यूशन और सिलाई क्लास के लिए निकली थी छात्रा
मृतका की पहचान पायल कुमारी के रूप में हुई है, जो सिरसिया वार्ड नंबर 12 की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार पायल पढ़ाई के साथ-साथ सिलाई प्रशिक्षण भी लेती थी और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का सहयोग करती थी। सोमवार सुबह वह रोज की तरह घर से ट्यूशन और सिलाई प्रशिक्षण के लिए निकली थी। आमतौर पर वह दोपहर तक वापस लौट आती थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों की चिंता बढ़ गई।
फोन पर कहा था- घर लौट रही हूं
परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने पायल को फोन किया तो उसने कहा कि वह ब्लॉक इलाके से निकल चुकी है और जल्द घर पहुंच जाएगी। हालांकि कुछ देर बाद जब दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
तलाश के बाद नदी किनारे मिला शव
परिवार की सूचना पर पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू की और उसके मोबाइल कॉल डिटेल समेत कई पहलुओं की जांच की। बुधवार सुबह बरगंडा पुराने पुल के नीचे उसरी नदी के पास एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान पायल कुमारी के रूप में की।
हत्या की आशंका से भी जांच
घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
निष्पक्ष जांच की मांग
छात्रा की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।