Ranchi News : रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में बी-फार्मा के छात्र अनीश कुमार ठाकुर का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। मृतक मूल रूप से पतरातू का रहने वाला था और रांची की एक यूनिवर्सिटी में बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था।
पढ़ाई के साथ मेडिकल हॉल में करता था काम
जानकारी के अनुसार अनीश पढ़ाई के साथ-साथ एक मेडिकल हॉल में सेल्समैन का काम भी करता था। दवा दुकान संचालक ने उसे रहने के लिए कमरा दिया था। इसी कमरे में उसका शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी है।
कमरे से मिली कॉपी, प्रेम प्रसंग की आशंका
पुलिस को कमरे से एक कॉपी मिली है, जिसमें छात्र ने कुछ बातें लिखी थीं। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक तनाव या निजी संबंधों में परेशानी के कारण छात्र ने यह कदम उठाया। लोअर बाजार थाना पुलिस कॉपी को जब्त कर उसकी जांच कर रही है। साथ ही छात्र के मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सके।