Ranchi News : घरेलू गैस उपभोक्ताओं को अब सिलेंडर बुकिंग के दौरान अतिरिक्त शुल्क देना होगा। गैस एजेंसियों और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की नई व्यवस्था के तहत घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग पर 20 रुपये तक का सुविधा शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क विशेष रूप से ऑनलाइन और डिजिटल भुगतान माध्यमों पर लागू किया गया है।जानकारी के अनुसार, उपभोक्ताओं द्वारा यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान करने पर यह अतिरिक्त चार्ज जोड़ा जाएगा। इससे पहले उपभोक्ताओं को केवल गैस सिलेंडर की निर्धारित कीमत ही चुकानी पड़ती थी।
बढ़ती लागत और डिजिटल सर्विस चार्ज को बताया गया कारण
कंपनियों का कहना है कि डिजिटल ट्रांजैक्शन और सर्विस प्रोसेसिंग की बढ़ती लागत को देखते हुए सुविधा शुल्क लागू किया गया है। हालांकि, इस फैसले के बाद आम उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
लोगों का कहना है कि पहले से ही घरेलू गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे में सुविधा शुल्क लगने से आम परिवारों के बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। खासकर मध्यमवर्गीय और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए यह नई व्यवस्था परेशानी बढ़ाने वाली मानी जा रही है।
उपभोक्ताओं ने फैसले पर जताई नाराजगी
उपभोक्ताओं का कहना है कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की बात सरकार और कंपनियां लगातार करती रही हैं, लेकिन अब उसी पर अतिरिक्त शुल्क वसूलना उचित नहीं है।
वहीं, गैस एजेंसियों का कहना है कि यह शुल्क कंपनी स्तर पर तय किया गया है और एजेंसियां केवल निर्धारित नियमों का पालन कर रही हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के समय कुल राशि में अतिरिक्त शुल्क जुड़कर दिखाई देगा।