Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई गई। अप्रैल महीने में जिले में 31 सड़क हादसों में 24 लोगों की मौत और 14 लोग घायल हुए। समीक्षा में सामने आया कि अधिकांश हादसे हेलमेट-सीट बेल्ट नहीं पहनने, तेज रफ्तार और ड्रिंक एंड ड्राइव के कारण हुए।
हाईवे के ब्लैक स्पॉट चिन्हित, ओवरस्पीडिंग रोकने के निर्देश
बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य उच्च पथों पर दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां रंबल स्ट्रिप, रेडियम संकेतक, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, क्रैश बैरियर और स्लाइडिंग बैरियर लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए नियमित जांच अभियान चलाने को कहा गया।
स्कूल बच्चों की सुरक्षा पर फोकस, पुराने वाहनों पर कार्रवाई तय
उपायुक्त ने कहा कि ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद स्कूल वाहनों (वैन-ऑटो) की विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। बिना फिटनेस, बिना परमिट, ओवरलोडिंग करने वाले और जर्जर पुराने वाहनों को स्कूल परिवहन में चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ड्रिंक एंड ड्राइव और ट्रिपल राइडिंग पर होगी सख्त कार्रवाई
परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। प्रमुख चौक-चौराहों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
हिट एंड रन पीड़ितों को जल्द मुआवजा देने का निर्देश
हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के आश्रितों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया तेज करने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में रूरल एसपी, एसडीएम, डीटीओ, ट्रैफिक पुलिस, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और स्कूल वाहन संचालकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।