Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 1/B में रविवार रात करीब 9 बजे आपसी विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया. आरोपी अंकित कुमार सिंह ने दुकान के स्टाफ को गाली देने से मना करने पर अपने चचेरे भाई विवेक कुमार सिंह (35 वर्ष) पर हमला बोल दिया. आरोपी ने विवेक की बाईं आंख पर घूंसे से जोरदार प्रहार कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया और जमीन पर गिरने के बाद गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी.
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल विवेक को MGM अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद विवेक की आंख के पास आए गंभीर घाव पर टांके लगाए हैं. मेडिकल रिपोर्ट में भी डॉक्टरों ने इस घटना को "असाल्ट" (Assault) करार देते हुए आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट की पुष्टि की है.
अस्पताल से इलाज कराने के बाद पीड़ित विवेक कुमार सिंह ने सोमवार को बिरसानगर थाना प्रभारी को मामले की लिखित शिकायत सौंपी है. लिखित आवेदन में चचेरे भाई अंकित कुमार सिंह को नामजद आरोपी बनाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है. बिरसानगर थाना पुलिस शिकायत पत्र के आधार पर मामले की छानबीन और आरोपी की धरपकड़ में जुट गई है.