Seraikela News: सरायकेला खरसावां के कुचाई मुख्य सड़क पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार इंडिगो कार अनियंत्रित होकर देहरूडीह गांव स्थित होंडा शोरूम में जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि शोरूम के बाहर खड़ी दो नई बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि वहां मौजूद एक युवक बाल-बाल बच गया।
कुचाई से खरसावां आ रही थी कार
मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो कार (जेएच 05 एएफ 3268) कुचाई से खरसावां की ओर आ रही थी। कार में बैजनाथपुर गांव निवासी रौशन राउत और पदमपुर-तेलीसाही गांव निवासी विवेक साहू सवार थे। बताया जा रहा है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
सड़क छोड़ 20 फीट अंदर जा घुसी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार मुख्य सड़क से करीब 15 से 20 फीट अंदर जाकर सीधे होंडा शोरूम में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाहर खड़ी दो नई बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं पास के एक घर का करकट शेड भी टूट गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
युवक ने भागकर बचाई जान, चालक फरार
घटना के वक्त शोरूम के बाहर मौजूद एक युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना में कार सवार दोनों युवकों को भी चोट लगी, लेकिन हादसे के बाद दोनों युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इलाके में काफी देर तक हड़कंप का माहौल बना रहा।
नशे में ड्राइविंग की चर्चा, कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि कार सवार युवक नशे की हालत में थे। वहीं सूत्रों के मुताबिक कुछ लोग मामले को दबाने और रफा-दफा करने की कोशिश में लगे हुए हैं। लोगों ने कहा कि खरसावां-कुचाई मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना आम हो गया है। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने और वाहन जांच अभियान तेज करने की मांग की है।