Dholera Semiconductor Fab India: भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ASML और Tata Electronics के बीच महत्वपूर्ण समझौता (MoU) हुआ। यह समझौता प्रधानमंत्री Narendra Modi और नीदरलैंड के प्रधानमंत्री Rob Jetten की मौजूदगी में संपन्न हुआ। दोनों नेताओं ने गुजरात के Dholera में बनने वाले भारत के पहले फ्रंट-एंड सेमीकंडक्टर फैब के लिए इस साझेदारी का स्वागत किया।
धोलेरा में बनेगा भारत का हाईटेक चिप हब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भविष्य के क्षेत्रों में भारत और नीदरलैंड के बीच सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने बताया कि ASML, धोलेरा में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की आगामी सेमीकंडक्टर सुविधा की स्थापना और विस्तार में सहयोग करेगा। यह परियोजना भारत को वैश्विक चिप निर्माण मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
ASML ने बताया “ऐतिहासिक समझौता”
ASML के सीईओ Christophe Fouquet ने इस समझौते को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि भारत के लिए सेमीकंडक्टर अब स्पष्ट प्राथमिकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि टाटा देश की पहली सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन फैसिलिटी स्थापित करने जा रही है और ASML इस परियोजना को उत्पाद, तकनीक और विशेषज्ञ मानव संसाधन के स्तर पर हर संभव सहयोग देगा, ताकि भारत को विश्वस्तरीय लिथोग्राफी समाधान मिल सके।
FTA और निवेश पर भी बढ़ा जोर
बैठक के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका मानना है कि इससे खुले बाजार, समावेशी विकास और मजबूत सप्लाई चेन को बढ़ावा मिलेगा। इस बैठक में ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और तकनीक क्षेत्रों से जुड़ी कई प्रमुख डच कंपनियों के सीईओ भी शामिल हुए, जिन्होंने भारत सरकार के सुधार एजेंडे की सराहना करते हुए देश में निवेश और विस्तार की योजनाएं साझा कीं।