Chakradharpur: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हासमी ने पहुंचकर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और यात्रा से जुड़ी जानकारी ली।
जीआरपी थाना में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ जीआरपी थाना भी पहुंचे, जहां उन्होंने थाना प्रभारी सोहेल खान से स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, स्टेशन परिसर में होने वाली गतिविधियों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
यात्रियों से की बातचीत
एसडीपीओ ने ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों से संवाद करते हुए उनकी यात्रा, गंतव्य और स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने यात्रियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
मानव तस्करी रोकने पर विशेष नजर
हाल के दिनों में रोजगार दिलाने के नाम पर बाल मजदूरों और युवतियों की दूसरे राज्यों में तस्करी के मामले सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस की सक्रियता से अब तक कई नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर चाईबासा स्थित सीडब्ल्यूसी को सौंपा जा चुका है।
सात युवतियों को सुरक्षित घर भेजा गया
बताया गया कि गुरुवार रात भी थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने सात युवतियों को दूसरे राज्यों में संभावित शोषण और प्रताड़ना के प्रति जागरूक करते हुए समझाया और सुरक्षित उनके घर वापस भेजने की व्यवस्था कराई थी।