Ranchi News : जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं, भू-अर्जन कार्यों, फ्लाईओवर और रेलवे परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंजूनाथ भजन्त्री ने की, जिसमें विभिन्न विभागों और कार्यकारी एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए।बैठक के दौरान डीसी ने सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ परियोजनाओं में आ रही समस्याओं और बाधाओं को जल्द दूर करने को कहा।
मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। नारो-टिकराटोली क्षेत्र में चल रही परियोजना के तहत शेष रैयतों के मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्माण कार्य बाधित न हो।
कोयलारी-रामपुर इंटरचेंज परियोजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि थ्री जी अवार्ड की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। इसके बाद डीसी ने मुआवजा भुगतान प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश दिया।
रेलवे और फ्लाईओवर परियोजनाओं पर भी जोर
समीक्षा बैठक में रेलवे परियोजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डीसी ने लिंक लाइन लोधमा परियोजना और इलू-सिल्ली रेलवे परियोजना में मुआवजा भुगतान जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में सड़क निर्माण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और फ्लाईओवर परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। डीसी ने कांटाटोली-सिरमटोली फ्लाईओवर समेत अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और रैयतों को देय मुआवजा राशि का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। बैठक में रामनारायण सिंह, के के राजहंस समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।