Chatra News : जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा की हालत लगातार खराब होती जा रही है। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने आरोप लगाया है कि जिले में संचालित ज्यादातर एम्बुलेंस खराब हो चुकी हैं, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।संघ के अनुसार चतरा जिले में कुल 17 एम्बुलेंस उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें से 14 वाहन खराब स्थिति में हैं। कुछ एम्बुलेंस पूरी तरह बंद पड़ी हैं, जबकि कई वाहन केवल सीमित दूरी तक ही चल पा रहे हैं। कई एम्बुलेंस का इस्तेमाल सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित होकर रह गया है।
ग्रामीण मरीजों को हो रही सबसे ज्यादा परेशानी
एम्बुलेंस कर्मचारियों का कहना है कि खराब वाहनों की जानकारी लगातार संबंधित अधिकारियों और जिला प्रबंधन को दी जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। समय पर मरम्मत और रखरखाव नहीं होने से ग्रामीण इलाकों के मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से उन्हें वेतन भी नहीं मिला है। साथ ही न्यूनतम मजदूरी और अन्य श्रमिक सुविधाओं से भी वंचित रखा जा रहा है।
संघ ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि सभी खराब एम्बुलेंस को जल्द दुरुस्त कराया जाए और कर्मचारियों का लंबित वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही एम्बुलेंस सेवा संचालन कर रही संस्था के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई गई है।