Ranchi News : सीबीआई ने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में दूसरे कथित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मनीषा गुरुनाथ मनधारे बॉटनी की शिक्षिका बताई जा रही है, जो एनटीए की विशेषज्ञ टीम में भी शामिल थी।जांच एजेंसी के अनुसार मनीषा ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर एक विशेष कोचिंग नेटवर्क चलाया था, जहां छात्रों को संभावित प्रश्न और उनके उत्तर पहले से याद कराए जाते थे। सीबीआई का दावा है कि कोचिंग में पढ़ाए गए कई सवाल परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते हैं।
पहले भी हो चुकी है एक मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी
इससे पहले सीबीआई ने केमेस्ट्री पेपर लीक मामले में पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी के मुताबिक अब तक इस मामले में कुल नौ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
सीबीआई ने मामले की जांच के दौरान कई ठिकानों पर छापेमारी भी की है, जहां से लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। इन उपकरणों की फोरेंसिक जांच कर पूरे नेटवर्क और अन्य संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।