Jamshedpur News: जमशेदपुर के पोटका प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री पशुधन वितरण योजना के तहत किसानों के बीच बकरी एवं बतख चूजों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार उपस्थित रहे। योजना के तहत कुल 17 लाभुक किसानों को पशुधन उपलब्ध कराया गया।
17 किसानों को मिला बकरी और बतख चूजों का लाभ
योजना के अंतर्गत छह किसानों को 10-10 बीमाकृत बकरियां, टब, मग और कृमिनाशक दवा दी गई। वहीं 11 किसानों को प्रति किसान 30-30 बतख चूजों का वितरण किया गया। पशुधन पाकर किसानों में काफी उत्साह देखने को मिला और लाभुकों ने सरकार के प्रति आभार जताया।
हेमंत सरकार किसानों को बना रही आत्मनिर्भर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि Hemant Soren के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण परिवारों के लिए आत्मनिर्भर बनने का मजबूत माध्यम साबित हो रहा है।
जरूरतमंदों तक पारदर्शिता से पहुंचे योजनाओं का लाभ
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सही और जरूरतमंद लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। साथ ही किसानों को पशुपालन से जुड़ी अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में अधिकारी और कर्मियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, बीटीएम कौशल झा, प्रधान लिपिक संजय कुमार, पशुधन सहायक राजकुमार साहू तथा वैष्णवी इंटरप्राइजेज के अख्तर हुसैन समेत कई विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभुक किसानों ने विधायक और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।