Ranchi News: रांची के दलादली रिंग रोड इलाके में भारतीय क्रिकेटर Ishan Kishan जल्द ही अपना नया आवासीय प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहे हैं। इस बहुमंजिला परियोजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण ने भवन के नक्शे को मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित प्रोजेक्ट नगड़ी अंचल के दलादली मौजा में 75 डिसमिल जमीन पर विकसित किया जाएगा।
11 मंजिला बिल्डिंग से बदलेगी दलादली की तस्वीर
जानकारी के मुताबिक खाता संख्या 1 और प्लॉट संख्या 515 में जी प्लस 10 यानी कुल 11 मंजिला भवन का निर्माण होगा। यह प्रोजेक्ट रिंग रोड के किनारे बनाया जाएगा और Mahendra Singh Dhoni के सिमलिया स्थित फार्म हाउस से करीब 300 मीटर की दूरी पर रहेगा। वर्ष 2022 में इस परियोजना का भूमि पूजन हो चुका था और अब नक्शा स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
रांची का नया हाई प्रोफाइल रिहायशी हब बना दलादली-सिमलिया
दलादली और सिमलिया इलाका पहले से ही रांची के प्रीमियम और हाई प्रोफाइल रिहायशी जोन के रूप में तेजी से उभर रहा है। ऐसे में भारतीय क्रिकेट टीम के दो बड़े सितारों का एक ही इलाके में निवास इस क्षेत्र की पहचान को और खास बना देगा। माना जा रहा है कि ईशान किशन का यह नया प्रोजेक्ट रांची के रियल एस्टेट सेक्टर में भी नई चर्चा पैदा करेगा।