Jharkhand News: झारखंड के आम उपभोक्ताओं पर महंगाई की एक और मार पड़ी है. अमूल और मदर डेयरी के बाद अब राज्य की अपनी मेधा डेयरी ने भी दूध, पनीर और दही की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला किया है. कंपनी द्वारा जारी की गई ये नई दरें आज (शनिवार) से पूरे राज्य में प्रभावी हो गई हैं, जिससे आम लोगों के बजट पर सीधा असर पड़ेगा.
सभी श्रेणियों के दूध की कीमतों में इजाफा
मेधा डेयरी ने अपने डबल टोंड, टोंड, काउ मिल्क और फुल क्रीम समेत लगभग सभी श्रेणियों के दूध के दाम बढ़ा दिए हैं. नई दरों के तहत डबल टोंड मिल्क का एक लीटर का पैकेट अब 50 रुपये की जगह 52 रुपये में मिलेगा, जबकि इसका आधा लीटर (500 एमएल) का पैकेट 25 रुपये से बढ़कर 26 रुपये का हो गया है. टोंड मिल्क के एक लीटर पैकेट की कीमत भी 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये कर दी गई है.
भारी पैकेटों और शक्ति दूध के दामों में बड़ी वृद्धि
थोक उपभोक्ताओं और बड़े परिवारों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 6 लीटर के पैक में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई है. टोंड मिल्क का 6 लीटर का पैक अब 312 रुपये के बदले 324 रुपये में मिलेगा. वहीं, फुल क्रीम गोल्ड दूध के 6 लीटर पैक में सबसे अधिक 18 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे इसकी नई कीमत 396 रुपये हो गई है. इसके अलावा काउ मिल्क, शक्ति दूध और शक्ति स्पेशल दूध के दामों में भी एक से दो रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है.
पनीर और दही भी हुए महंगे
दूध के साथ-साथ दुग्ध उत्पादों के शौकीनों को भी अब जेब ढीली करनी होगी. मेधा डेयरी ने पनीर और दही की कीमतों में भी बदलाव किया है. अब 1 किलो ब्लॉक पनीर 400 रुपये के बजाय 420 रुपये में मिलेगा, जबकि 500 ग्राम पनीर की कीमत 215 रुपये और 200 ग्राम की कीमत 90 रुपये तय की गई है. इसी तरह, 200 ग्राम दही का पाउच अब 20 रुपये, 400 ग्राम का पैकेट 35 रुपये और 1 किलो दही का दाम बढ़कर 75 रुपये हो गया है.