Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर में नशे का कारोबार एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। पुलिस ने बुधवार को ब्राउन शुगर तस्करी के एक और मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आसंगी निवासी अविनाश प्रधान के रूप में हुई है।
आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि जयप्रकाश उद्यान के आसपास एक युवक घूम-घूमकर ब्राउन शुगर बेच रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने चिन्हित स्थल पर छापेमारी की, जहां से आरोपी अविनाश प्रधान को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि बीते छह महीनों में आदित्यपुर क्षेत्र में ब्राउन शुगर तस्करी के मामलों में काफी गिरावट आई थी, लेकिन पूर्व थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के तबादले के बाद अब एक बार फिर तस्कर सक्रिय हो रहे हैं। यह स्थिति न केवल चिंताजनक है, बल्कि स्थानीय प्रशासन के लिए भी एक नई चुनौती बनकर उभरी है।