Jamshedpur News: जमशेदपुर में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने ये साफ किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें।
पैनिक बाइंग से बढ़ा दबाव, प्रशासन ने की संयम की अपील
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन और एसएसपी पीयूष पांडेय ने तेल कंपनियों, पेट्रोल पंप संचालकों और पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि अफवाहों के कारण शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी बिक्री हुई, जिससे अनावश्यक दबाव की स्थिति बनी।
पेट्रोल पंपों पर भीड़ से ट्रैफिक और कानून व्यवस्था प्रभावित
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और पैनिक बाइंग से आम लोगों को परेशानी हो सकती है। वहीं एसएसपी पीयूष पांडेय ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्थित तरीके से वाहनों की कतार लगने से यातायात और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचने की अपील की।
तेल कंपनियों ने दिया भरोसा, सप्लाई पूरी तरह सामान्य
बैठक में मौजूद Indian Oil Corporation, Hindustan Petroleum, Bharat Petroleum और Jio-bp के प्रतिनिधियों ने भी स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई चेन में कोई बाधा नहीं है। प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को लोगों को लगातार जागरूक करने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।