Jamshedpur News: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो पेयजल परियोजना की लंबे समय से बंद पड़ी बालीगुमा पानी टंकी को जल्द चालू कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इसी सिलसिले में उन्होंने डिमना चौक से डिमना नाला तक पूरे इलाके का सघन निरीक्षण किया और एनएचएआई तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं के साथ विस्तृत चर्चा की. इस दौरान पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए दो वैकल्पिक मार्गों पर विचार किया गया ताकि बालीगुमा टंकी तक जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू हो सके.
सरयू राय ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग के उस हिस्से का जायजा लिया जहां उपरी पथ यानी रैम्प का निर्माण किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के अभियंताओं ने स्पष्ट किया कि विभाग पाइपलाइन बिछाने में कोई रुकावट नहीं डाल रहा है. अधिकारियों ने बताया कि चूंकि वहां रैम्प निर्माण का कार्य चल रहा है, इसलिए यह जरूरी है कि पाइपलाइन को ऐसे मार्ग से ले जाया जाए जिससे भविष्य में निर्माण कार्य या पाइपलाइन किसी तरह प्रभावित न हो.
एनएचएआई ने पाइपलाइन के लिए सुझाए दो अलग अलग वैकल्पिक रास्ते
बैठक के दौरान एनएचएआई के अभियंताओं ने पहला प्रस्ताव रखते हुए कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग डिमना चौक से डिमना नाला तक एनएच के यूटिलिटी मार्ग से पाइपलाइन ले जाए. इसके बाद पाइपलाइन को नाला के आशियाना किनारे से होते हुए उस पुल तक पहुंचाया जाए जो जयपाल कॉलोनी और सुकना बस्ती को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा है. वहां से डिमना नाला पार कराकर पाइपलाइन को सीधे बालीगुमा पानी टंकी तक पहुंचाया जा सकता है. अधिकारियों ने यह सुझाव भी दिया कि जरूरत पड़ने पर एक अलग ढांचा तैयार कर पाइपलाइन को किसी उपयुक्त स्थान से पहले ही नाला पार कराया जा सकता है.
दूसरे विकल्प में एनएचएआई के अभियंताओं ने सुझाव दिया कि पाइपलाइन को डिमना चौक से एनएच के किनारे बने यूटिलिटी एरिया से डिमना नाला तक बिछाया जाए. इसके बाद पाइपलाइन को डिमना नाला के नीचे वाले आधार तल से पार कराकर सुकना बस्ती की ओर से पहले से तय मार्ग के जरिए बालीगुमा टंकी तक ले जाया जाए. अधिकारियों ने कहा कि जब अगले तीन से चार महीनों में डिमना नाला पर एनएचएआई का पांचवां पुल तैयार हो जाएगा, तब पाइपलाइन को आधार तल से हटाकर पुल के किनारे स्थायी रूप से स्थापित किया जा सकता है.
आशियाना किनारे वाले मार्ग को मिली पहली प्राथमिकता, सरयू राय बोले तकनीकी रूप से सही विकल्प ही चुना जाए
सरयू राय ने बताया कि मौके पर मौजूद अधिकांश लोगों ने आशियाना किनारे से पाइपलाइन ले जाकर बालीगुमा टंकी से जोड़ने वाले प्रस्ताव को पहली प्राथमिकता दी. वहीं डिमना नाला के आधार तल से पाइपलाइन ले जाकर सुकना बस्ती के रास्ते बालीगुमा टंकी तक पहुंचाने वाले विकल्प को दूसरी प्राथमिकता के रूप में देखा गया.
इसके बाद सरयू राय ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंताओं के साथ अलग से बैठक की. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हाल ही में विभाग और एनएचएआई के बीच हुए पत्राचार से लोगों में यह भ्रम फैल गया है कि एनएचएआई पाइपलाइन बिछाने में अड़ंगा डाल रहा है, जबकि वास्तविक स्थिति ऐसी नहीं है.
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता ने भरोसा दिलाया कि दोनों वैकल्पिक मार्गों का तकनीकी अध्ययन और सर्वेक्षण कराया जाएगा. जो रास्ता सबसे अधिक उपयोगी और व्यवहारिक होगा, उसी मार्ग से पाइपलाइन बिछाने का निर्णय लिया जाएगा.
सरयू राय ने अधिकारियों से साफ कहा कि निर्णय किसी दबाव में नहीं बल्कि तकनीकी और वित्तीय दृष्टिकोण से लिया जाए. उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी स्वतंत्र रूप से सही फैसला लें तो दो दिनों के भीतर बालीगुमा टंकी तक पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि करीब छह साल से बनकर बेकार पड़ी इस पानी टंकी से जल्द जलापूर्ति शुरू होना इलाके के लोगों के लिए बड़ी राहत होगी.
इस निरीक्षण और बैठक कार्यक्रम में भाजपा नेता नीरज सिंह, वार्ड पार्षद राजेश सिंह और जितेंद्र साव, जदयू नेता पप्पू सिंह और नीरज सिंह के अलावा बालीगुमा क्षेत्र के कई स्थानीय नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.