Gold-Silver Rate Today In India: गुरुवार 14 मई को कमोडिटी मार्केट में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को आई जोरदार तेजी के बाद आज निवेशकों की मुनाफावसूली हावी दिखी। MCX पर सोना 1223 रुपये टूटकर 1,61,027 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 1,62,250 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं चांदी में भी भारी कमजोरी देखने को मिली।
चांदी 4 हजार से ज्यादा टूटी, बाजार में दबाव बढ़ा
MCX पर चांदी की कीमत 1.2 प्रतिशत गिरकर 2,96,213 रुपये प्रति किलो पर आ गई। बुधवार के मुकाबले इसमें 4287 रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, क्योंकि पिछले सत्र में चांदी 3,00,500 रुपये पर बंद हुई थी। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक तेज उछाल के बाद निवेशकों ने बड़े स्तर पर मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे दोनों कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ गया।
आयात शुल्क बढ़ने से पहले आई थी तेज तेजी
हाल ही में भारत सरकार ने सोना और चांदी पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर करीब 15 प्रतिशत कर दिया है। सरकार का उद्देश्य बुलियन आयात कम करना और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करना बताया जा रहा है। इसी फैसले के चलते बुधवार को दोनों धातुओं में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। हालांकि अब घरेलू बाजार के साथ ग्लोबल मार्केट में भी कमजोरी नजर आ रही है। स्पॉट सिल्वर 0.9 प्रतिशत गिरकर 87.18 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स भी कमजोर होकर 4,695 डॉलर प्रति औंस पर आ गए।
ट्रंप-शी बैठक और महंगाई ने बढ़ाई चिंता
वैश्विक बाजार में निवेशकों की नजर अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump और चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping की संभावित बैठक पर बनी हुई है। इसके अलावा ईरान युद्ध और अमेरिका से आए महंगाई के ताजा आंकड़ों ने भी बाजार की चिंता बढ़ा दी है। अप्रैल में अमेरिकी उत्पादक कीमतों में चार साल की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज हुई है, जिससे महंगाई और ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इन हालातों के बीच निवेशक अब भी सोने-चांदी को सुरक्षित निवेश के रूप में देख रहे हैं।