Jharkhand News: कोलकाता के थिएटर रोड में बुधवार को झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का शुभारंभ किया गया. इस नए केंद्र के जरिए झारखंड की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद है. इम्पोरियम का उद्घाटन झारखंड के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया. इस मौके पर उद्योग सचिव अरवा राजकमल भी मौजूद रहे.
झारखंड के कारीगरों और ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा फायदा
उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि यह इम्पोरियम केवल बिक्री केंद्र नहीं बल्कि झारखंड के कारीगरों, बुनकरों और ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि इससे राज्य के हस्तशिल्प उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंच मिलेगी और ग्रामीण रोजगार को भी मजबूती मिलेगी. उन्होंने बताया कि झारखंड की तसर सिल्क, डोकरा कला, बांस और लकड़ी से बने शिल्प उत्पादों की देशभर में अलग पहचान है और अब कोलकाता जैसे बड़े शहर में इन्हें नया मंच मिलेगा.
झारखंड और बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने की पहल
उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि कोलकाता में झारक्राफ्ट इम्पोरियम की शुरुआत झारखंड और पश्चिम बंगाल की कला और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का काम करेगी. इससे दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध भी मजबूत होंगे.
झारक्राफ्ट प्रबंधन की ओर से बताया गया कि आने वाले समय में देश के अन्य बड़े शहरों में भी ऐसे इम्पोरियम खोले जाएंगे ताकि झारखंड के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में ज्यादा पहचान मिल सके.