Jamshedpur: जमशेदपुर के गरमनाला (BSNL ऑफिस के पास) इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां एक विवाहिता को उसके ही ससुराल वालों ने कमरे में कैद कर दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। पीड़िता की मां ने अपनी बेटी को बंधक बनाए जाने और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस और मीडिया से न्याय की गुहार लगाई है।
बाल्टी के भरोसे रात भर कमरे में कैद रही पीड़िता
पीड़िता रोशनी कुमारी वर्मा की मां प्रभा देवी ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनकी बेटी को ससुराल में जानवरों जैसी स्थिति में रखा गया है। आरोप है कि ससुर तेज नारायण और सास आशा वर्मा ने रोशनी को कमरे में बंद कर दिया और खुद बाहर चले गए। रात भर रोशनी को खाने-पीने के लिए कुछ नहीं दिया गया, यहां तक कि शौच के लिए कमरे में एक बाल्टी दे दी गई। प्रभा देवी जब अपनी बेटी से मिलने पहुंची, तो उनके साथ भी मारपीट की गई और बेटी को ले जाने या अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।
प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ प्रताड़ना का सिलसिला
रोशनी ने बताया कि उसने कौटिल्य नामक युवक से लव मैरिज की थी। ससुराल वाले इस रिश्ते के शुरू से खिलाफ थे, लेकिन पति की जिद पर शादी हुई। शादी के बाद कुछ समय तो ठीक रहा, लेकिन पिछले दो साल से उसे मायके में छोड़ दिया गया था। जब वह वापस अपने ससुराल आई, तो प्रताड़ना का दौर शुरू हो गया। रोशनी का आरोप है कि उसके सास-ससुर उसे पहचानने से इनकार कर रहे हैं और पति भी उसे साथ रखने में टाल-मटोल कर रहा है।
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल, मां को अनहोनी का डर
पीड़िता की मां ने बताया कि उन्होंने रात में ही सिदगोड़ा थाना जाकर इंजरी रिपोर्ट (Injury Report) बनवाई थी, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस मदद नहीं मिली है। प्रभा देवी ने भारी मन से कहा कि उनकी बेटी इस वक्त गहरे मानसिक तनाव (Depression) में है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी बेटी के साथ कोई भी ऊंच-नीच होती है, तो इसके जिम्मेदार पति कौटिल्य, सास आशा और ससुर तेज नारायण होंगे।
रिकॉर्डिंग करने पर छीना फोन, पति के ठिकाने का पता नहीं
रोशनी ने मीडिया को बताया कि जब उसने ससुराल वालों की बदसलूकी को रिकॉर्ड करने की कोशिश की, तो उसका फोन छीन लिया गया और उसे तोड़ने का प्रयास किया गया। पीड़िता को यह भी नहीं पता कि उसका पति कौटिल्य वर्तमान में कहां कार्यरत है। फिलहाल, ताला बंद घर के बाहर बेटी की सुरक्षा को लेकर मां और परिजन डटे हुए हैं और प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।