Garhwa News : जिले में एक वारंटी ने पुलिस हिरासत से फरार होने के लिए फिल्मी अंदाज में पुलिस वैन ही पलट दी। घटना मंगलवार रात खरौंधी थाना क्षेत्र के अमरोरा स्थित गैस गोदाम के पास हुई। हादसे में हवलदार राम प्रसाद महतो और चालक रिंकू जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक एएसआई समेत तीन अन्य पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं।जानकारी के अनुसार, बंशीधर नगर के डीएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम मझिगवां पंचायत से वारंटी मनोज पासवान को गिरफ्तार कर थाना लौट रही थी। इसी दौरान अमरोरा मोड़ के पास पीछे बैठे आरोपी ने अचानक चालक का स्टेयरिंग पकड़ लिया और जोर से मोड़ दिया। आरोपी की कोशिश वाहन को दुर्घटनाग्रस्त कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने की थी।
पेड़ से टकराकर पलटी पुलिस वैन, दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
स्टेयरिंग अचानक मुड़ते ही तेज रफ्तार पुलिस वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी और पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद घायल अवस्था में भी आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन वैन में मौजूद एएसआई सिल्वेस्टर कच्छप और अन्य जवानों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे दोबारा पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को संभाला। वहीं स्थानीय लोगों और टेम्पो चालक कामेश्वर यादव ने घायल पुलिसकर्मियों को वैन से बाहर निकालने में मदद की।
गंभीर रूप से घायल हवलदार राम प्रसाद महतो और चालक रिंकू जोशी को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए बंशीधर नगर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।