Jamshedpur News : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा परिणाम, सर्व शिक्षा अभियान, मध्याह्न भोजन योजना, आधारभूत संरचना और अन्य विभागीय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए अगले वर्ष बेहतर रिजल्ट लाने के लिए कार्ययोजना बनाकर काम करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों और टॉपर्स छात्रों को सम्मानित करने की घोषणा की। साथ ही गर्मी छुट्टी के बाद सिकुई-दिकुई अभियान को पुनः पूरी गंभीरता से संचालित करने का निर्देश दिया गया। इस अभियान के तहत जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारी स्कूलों को गोद लेकर शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए व्यक्तिगत प्रयास करते हैं।
बैठक में पाठ्य पुस्तकों के वितरण की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। समीक्षा के दौरान बोड़ाम, धालभूमगढ़, डुमरिया, घाटशिला, गुड़ाबांदा, मुसाबनी और पटमदा प्रखंडों में 90 प्रतिशत से कम पुस्तक वितरण पाए जाने पर संबंधित बीपीओ को शो-कॉज किया गया तथा उनके वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। सभी प्रखंडों को दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पुस्तक वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था सुधारने और बीपीएल नामांकन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने आवासीय विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान मिली समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा ऑडिट, पाठ्येत्तर गतिविधियों, बुनियादी सुविधाओं और आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं पर दस दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निजी विद्यालयों में बीपीएल कोटा के तहत नामांकन प्रक्रिया को ग्रीष्मावकाश के दौरान पूरा करने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि एक भी सीट खाली नहीं रहनी चाहिए और पात्र बच्चों का ही नामांकन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में ई-विद्यावाहिनी के माध्यम से छात्रों और शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति, बैंक खातों की अद्यतन स्थिति, लंबित निर्माण कार्यों और बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। मध्याह्न भोजन योजना को निर्धारित मेन्यू के अनुसार संचालित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, आधारभूत संरचना मजबूत करने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय, बीईईओ, बीपीओ, सीआरपी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।