Jamshedpur News : बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोन नंबर-4 में शुक्रवार देर रात एक दुखद घटना सामने आई, जहां 36 वर्षीय सुनील कुमार ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
टाटा मोटर्स कर्मी का कमरे में मिला शव, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर निकाला
मृतक के पिता भरत जायसवाल ने बताया कि सुनील कुमार टाटा मोटर्स के पेंट शॉप विभाग में कार्यरत थे। लंबे समय तक काम करने के बाद जनवरी 2026 में उनकी नौकरी स्थायी हुई थी। शुक्रवार 8 मई को वह रोज की तरह ड्यूटी से घर लौटे और अपने कमरे में चले गए।
परिजनों के अनुसार रात में खाना देने के लिए कई बार दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। सुबह तक जब दरवाजा नहीं खुला तो परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद बिरसानगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां सुनील कुमार को पंखे से लटका हुआ पाया गया।
पत्नी और तीन वर्षीय बेटी को छोड़ गए सुनील, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि सुनील कुमार विवाहित थे और अपने पीछे पत्नी तथा तीन वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।